September 14, 2026


पं. दीनदयाल कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं को लेकर विकास समिति ने सौंपा ज्ञापन

पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग

आरंग। पं. दीनदयाल कॉलोनी की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर पं. दीनदयाल विकास समिति आरंग के अध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन को ज्ञापन सौंपा। समिति ने कॉलोनी में लंबे समय से बनी हुई मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं की ओर नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में कॉलोनी की प्रमुख समस्याओं में पेयजल व्यवस्था में सुधार, नए बोरवेल की व्यवस्था, खराब सड़कों एवं जगह-जगह बने गड्ढों की मरम्मत, मुख्य मार्ग पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने तथा नालियों और सड़कों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। कॉलोनीवासियों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण उन्हें रोजमर्रा की सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए इनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण आवश्यक है।

ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कॉलोनीवासियों की समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों से दूरभाष के माध्यम से चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर पालिका अध्यक्ष की इस त्वरित पहल से कॉलोनीवासियों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली।

इस अवसर पर पं. दीनदयाल विकास समिति के अध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर ने समस्त कॉलोनीवासियों की ओर से डॉ. संदीप जैन एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल कॉलोनी की मूलभूत सुविधाओं और विकास से जुड़े विषयों को लेकर विकास समिति लगातार प्रयासरत है। कॉलोनीवासियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए आगे भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के संरक्षक मदनलाल साहू, आशीष जसवाल, वैभव सोनी सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch