आरंग। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बनारसी में रविवार रात हुए सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रात करीब 8 बजे बनारसी बस स्टैंड के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवार युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बनारसी निवासी नेतराम ध्रुवंशी/बीरसिंह (35 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 LE 0280 से कहीं से वापस लौट रहा था। इसी दौरान बनारसी बस स्टैंड के पास अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आरंग पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आरंग पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक का माहौल है।
आरंग पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ ही दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध जानकारी एवं संभावित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।