September 14, 2026


35 मिनट में लाखों के जेवर नकदी पार

राजनांदगांव: आशीर्वाद कालोनी कौरिनभाठा में शुक्रवार दोपहर अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर महज 35 मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घर लौटे परिवार के सदस्यों ने जब अलमारी टूटी देखी तो उनके होश उड़ गए। मामले में प्रार्थी कुलप्रकाश वाल्हे ने बसंतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थी के मुताबिक घर की अलमारी में डेढ़ लाख रुपये नकद के अलावा करीब 68 लाख 50 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात रखे थे। इस आधार पर उन्होंने कुल करीब 70 लाख रुपये की चोरी होने की जानकारी पुलिस को दी है। हालांकि पुलिस ने जेवरात के उपलब्ध बिल के आधार पर ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद, यानी कुल चार लाख रुपये की चोरी की एफआइआर दर्ज की है। चोरी के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान में प्रवेश कर अलमारी को निशाना बनाया और वारदात के बाद फरार हो गए। घर लौटने पर अलमारी का ताला टूटा मिला। प्रार्थी ने पुलिस को यह भी बताया कि अलमारी में उनकी बड़ी बहन के जेवरात भी रखे थे। बड़ी बहन रक्षाबंधन पर्व के दौरान घर आइ थीं और तीज पर्व में दोबारा आने की बात कहकर अपने जेवरात घर में ही छोड़ गई थीं। पुलिस मामले की जांच कर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।

तुमड़ीबोड़ में तीन दुकानों के शटर टूटे

पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ के पास ही चोरों ने तीन दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना बीती रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। चोरों ने गुरुकृपा मेडिकल, देवांगन वाच सेंटर और शिवम बोरवेल्स को निशाना बनाया। इसी रात उरई डाबरी और लाल बहादुर नगर में भी दुकानों के शटर टूटने की जानकारी सामने आई है। लगातार हुई वारदातों से व्यापारियों में आक्रोश है। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस चौकी के पास चोरी की घटना से नाराज व्यापारियों ने आपात बैठक की। इसके बाद पुलिस चौकी पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

 तीन माह बाद भी चोरों का सुराग नहीं, 20 किलो पुराने चांदी के बर्तन ले गए थे नकाबपोश

कोतवाली थाना क्षेत्र के सनसिटी में सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 20 किलो पुराने चांदी के बर्तन चोरी करने वाले नकाबपोश आरोपितों का तीन माह बाद भी सुराग नहीं मिल पाया है। 26 जून को हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन अब तक आरोपितों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली है। 26 जून को अज्ञात नकाबपोश चोरों ने सनसिटी स्थित एक सूने मकान में धावा बोला था। घर में रखे पुराने चांदी के बर्तनों को चोर अपने साथ ले गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बावजूद उनकी पहचान और गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वारदात को तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन मामले में पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch