October 25, 2026


झूले को लेकर शुरू हुआ विवाद चाकू बेसबाल बैट से मारपीट कई घायल

कुम्हारपारा में दो पक्षों के बीच भिड़ंत, एक युवक गंभीर रूप से घायल वायरल वीडियो और राजनीतिक पदों से जुड़े नामों की पुलिस जांच, एक पक्ष की शिकायत पर एफआइआर

राजनांदगांव: डोंगरगढ़ नगर में नवरात्र मेले में झूला झूलने को लेकर शुरू हुआ विवाद गुरुवार देर रात कुम्हारपारा में हिंसक झड़प में बदल गया। सरस्वती शिशु मंदिर रोड पर दो पक्षों के बीच चाकू, बेसबाल बैट और डंडों से मारपीट हुई। इसमें कई लोग घायल हुए, जबकि एक युवक को गंभीर चोट आने पर राजनांदगांव रेफर किया गया। घटना का वीेेेडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में है। प्रसारित वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष सुमित मिश्रा विवाद करते दिखाई दे रहे हैं। देवेंद्र उर्फ देव वर्मा का नाम भी सामने आया है, जिन्हें भाजपा मुसरा-मुरमुंदा मंडल में युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष बताया जा रहा है।

स्थानीय निवासी मनोज कुंभकार ने आरोप लगाया कि वह अपने भतीजे को पीटते देख बीच-बचाव करने पहुंचे थे, तभी उनके हाथ पर बेसबाल बैट से वार किया गया। शांति बाई कुंभकार का आरोप है कि विवाद सुलझाने पहुंचे लोगों के साथ आए कुछ युवकों ने अचानक मारपीट शुरू कर दी और चाकू से वार किए। उनके अनुसार, परिवार के एक युवक को पांच-छह चाकू लगे हैं। एसडीओपी केसरी नंदन नायक के अनुसार, विवाद के बाद दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए और दोनों ओर के कई लोग घायल हुए। इस घटना में एक कुंभकार पक्ष के रवि वर्मा, मनोज कुम्भकार, मोहन कुम्भकार, दुर्गेश कुम्भकार, शांति बाई कुंभकार और नारायण कुम्भकार घायल हुए हैं। इनकी शिकायत पर हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 307, बलवा और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष के भार्गव राव, मनीष कुमार वर्मा और सुमित मिश्रा के घायल होने की भी जानकारी दी गई है। उपचार के लिए रेफर होने के कारण वे उस समय शिकायत दर्ज कराने नहीं पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें शिकायत के लिए सूचित किया है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch