राजनांदगांव: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के खड़गांव में मंगलवार रात आयोजित ग्राम पटपर वालों की झांकी के मंचन में करीब अच्छी-खासी भीड़ उमड़ पड़ी। डोंगरगढ़ के पटपर गांव की प्रसिद्ध दाई के दुलरवा नवरत्न जस झांकी देखने जिलेभर से ग्रामीण पहुंचे। भारी भीड़ के बीच अव्यवस्था और मारपीट की स्थिति बन गई। विवाद के कारण कार्यक्रम कई घंटे तक रोकना पड़ा।
हर-हर महादेव गणेश उत्सव समिति की ओर से आयोजित झांकी में आदिम संस्कृति, शीतला दाई, मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूप, रामलीला और मां काली के रौद्र रूप की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बारिश के बावजूद दर्शकों की संख्या इतनी बढ़ी कि स्वर्गीय गजरू राम धुर्वे मैदान खचाखच भर गया। जगह नहीं मिलने पर लोग पेड़ों और दीवारों पर चढ़कर झांकी देखने लगे। बाहर भी भारी भीड़ रही। सड़क किनारे मिठाई, चाय-नाश्ता और खिलौनों की दुकानें सजी रहीं।
बैठकर देखने की समझाइश पर विवाद
कार्यक्रम के दौरान आयोजक समिति के कुछ सदस्य दर्शकों को बैठकर झांकी देखने की समझाइश देने पहुंचे। इसी बात पर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। भीड़ में अलग-अलग स्थानों पर ग्रामीणों के बीच भी झड़प हुई। इस दौरान लाठियों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। कई लोगों को चोटें आईं, जबकि एक ग्रामीण के सिर में गंभीर चोट लगने पर अस्पताल भेजा गया। पुलिस की समझाइश के बाद कार्यक्रम दोबारा शुरू कराया गया, जो सुबह करीब तीन बजे तक चला।
सात हजार का था अनुमान, पहुंचे 20 हजार
सैकड़ों लोगों की मौजूदगी के बावजूद बैठने, पेयजल और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। ध्वनि व्यवस्था कमजोर होने से दूर बैठे दर्शकों को प्रस्तुतियां सुनने में परेशानी हुई। थाना प्रभारी सुशील त्रिपाठी ने बताया कि बारिश के कारण शुरुआत में सात हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान था, लेकिन करीब 20 हजार लोग आ गए। अत्यधिक भीड़ में कुछ ग्रामीणों के बीच हाथापाई हुई। एक ग्रामीण के सिर में चोट आई, जिसे अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने स्थिति संभालने के बाद कार्यक्रम दोबारा शुरू कराया।