राजनांदगांव :-जिला किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मदन साहू ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की साय सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आज किसान बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल के दामों में लगातार वृद्धि और रासायनिक खाद की कमी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों के सामने भारी संकट की स्थिति निर्मित हो गई है।
श्री साहू ने कहा कि खेती-किसानी पूरी तरह डीजल पर आधारित हो चुकी है। ट्रैक्टर से जुताई, रोपाई, सिंचाई से लेकर मिंजाई तक हर कार्य में किसानों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण खेती करना किसानों के लिए बेहद महंगा साबित हो रहा है। दूसरी ओर सरकार द्वारा पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराए जाने से किसान चिंतित हैं। खाद की कमी का सीधा असर फसल उत्पादन पर पड़ेगा जिससे किसानों की आय कम और खर्च अधिक हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली भूपेश बघेल सरकार में किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की गई थीं। विशेष रूप से गौठान योजना किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुई थी। गौठानों में केंचुआ खाद और कंपोस्ट खाद का निर्माण कराया जा रहा था, जिससे किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करनी पड़ी। जैविक खाद के उपयोग से जमीन की उर्वरक क्षमता बनी रहती थी और मिट्टी में नमी भी संरक्षित रहती थी। श्री साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसानों के हित में चल रही योजनाओं को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार के कार्यकाल में किसान आर्थिक रूप से मजबूत हुए थे। किसानों ने बड़ी संख्या में बोर खनन कराया, ट्रैक्टर खरीदे और आधुनिक तरीके से खेती को विकसित किया। इतना ही नहीं, किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से उन्होंने अपने परिवार के लिए सोने-चांदी के गहने तक खरीदे। श्री साहू ने कहा कि आज प्रदेश का किसान एक बार फिर संकट और चिंता के दौर से गुजर रहा है। यदि सरकार ने जल्द किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में खेती और किसान दोनों गहरे संकट में पहुंच जाएंगे।