September 09, 2026


मानव पिरामिड बना गोविंदाओं ने फोड़ी दही हांडी

गणराज मित्र मंडल का लगातार छठवें वर्ष आयोजन, विजेता टोली को मिला 31 हजार रुपये का पुरस्कार

राजनांदगांव: संस्कारधानी के महावीर चौक में गणराज मित्र मंडल की ओर से लगातार छठवें वर्ष दही हांडी उत्सव का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में गोविंदा टोलियों के साथ श्रद्धालु और शहरवासी उत्सव में शामिल हुए। भक्ति गीतों और कृष्ण के जयकारों से देर रात तक पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।

दही हांडी फोड़ने के लिए गोविंदाओं ने मानव पिरामिड बनाया और ऊंचाई पर लटकी हांडी तक पहुंचने का प्रयास किया। प्रतिभागियों के प्रयासों पर दर्शकों ने तालियों और जयकारों से उत्साह बढ़ाया। बेहतर प्रदर्शन करते हुए दही हांडी फोड़ने वाली विजेता टोली को मंडल की ओर से 31 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया।

आयोजकों ने बताया कि दही हांडी के माध्यम से भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं और भारतीय संस्कृति व परंपराओं को जीवंत रखने का प्रयास किया गया। आयोजन में मंडल के सदस्यों और सहयोगियों का योगदान रहा। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, सांसद प्रतिनिधि रूपचंद भीमनानी सहित सावन वर्मा, अतुल रायजादा, हर्ष रामटेके, सुमित भाटिया, प्रशांत गुप्ता, चिंटू सोनकर, पिंटू वर्मा और सौरभ चौहान उपस्थित रहे। समिति के संरक्षक ऋषि देव चौधरी ने आयोजन में सहयोग के लिए शहरवासियों और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।

जयकारों और भक्ति गीतों के बीच दी कृष्ण को विदाई

दीवान पारा में श्रीकृष्ण उत्सव समिति की ओर से स्थापित भगवान कृष्ण की प्रतिमा का श्रद्धा और उत्साह के साथ विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्रा में समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्ति गीतों और कृष्ण के जयकारों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया और भगवान कृष्ण को भावपूर्ण विदाई दी।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch