राजनांदगांव: भीषण गर्मी के बीच शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते 24 घंटों के दौरान करीब ढाई से तीन घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खास बात यह रही कि यह कटौती बिना किसी पूर्व सूचना के की गई, जिससे नागरिकों की नाराजगी और भी बढ़ गई है। तेज गर्मी के इस दौर में बिजली की अहमियत और बढ़ जाती है, लेकिन अचानक सप्लाई बंद होने से घरों में पंखे, कूलर और अन्य जरूरी उपकरण ठप पड़ गए। इससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ी। कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई, क्योंकि मोटर पंप बिजली पर निर्भर हैं। नतीजतन लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। शहर के प्रमुख क्षेत्रों सदर बाजार, ठेठवार पारा, बाल गोविंद चौक और तेली पारा सहित कई इलाकों में यह समस्या अधिक देखने को मिली। बुधवार को शाम छह बजे से करीब 25 मिनट बिजली बंद रही।
ट्रांसफार्मरों में बढ़ा लोड
बिजली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि बढ़ते लोड और संभावित फाल्ट से बचने के लिए मेंटेनेंस कार्य जरूरी है, लेकिन आम जनता इसे अव्यवस्थित और असमय किया जा रहा कदम मान रही है। लोगों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित होते हैं। व्यापारियों का भी कहना है कि अचानक बिजली गुल होने से उनके कामकाज पर असर पड़ रहा है और नुकसान उठाना पड़ रहा है। गर्मी के इस दौर में लगातार बिजली कटौती ने पानी की समस्या को भी बढ़ा दिया है, क्योंकि मोटर पंप नहीं चल पाने से जल आपूर्ति बाधित हो रही है।
बराबर जाती है घंटी, नहीं मिलता जवाब
विद्युत वितरण कंपनी शिकायत दर्ज करने के लिए 07744220251 नंबर जारी की है। लेकिन इस नंबर में संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिल पाता है। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ रही है। उपभोक्ताओं ने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ना स्वाभाविक है, ऐसे में मेंटेनेंस कार्यों की बेहतर योजना और समय निर्धारण आवश्यक है। साथ ही उपभोक्ताओं को पहले से सूचना देना भी जरूरी है, ताकि वे वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें।
मरम्मत की जा रही
बढ़ते लोड और संभावित फाल्ट से बचने के लिए मेंटेनेंस कार्य जरूरी है बिजली की खपत बढ़ी है। सब स्टेशन और फीडर की मरम्मत की जा रही है। इसकी सूचना भी जारी की गई है।
कौशलेंद्र पांडेय, डीई, विद्युत वितरण कंपनी