राजनांदगांव: जमानती शराब तस्कर के ठिकाने से आबकारी विभाग ने छापेमार कार्रवाई में मप्र की 27 पेटी शराब, छत्तीसगढ़ की शराब के 750 ढक्कन और बड़ी मात्रा में खाल शीशियां बरामद की गई हैं। हालांकि आरोपित खेत का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। मुख्य आरोपित डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम छीपा निवासी चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू है जो शराब तस्करी में जमानत पर है। आबकारी विभाग की टीम ने बुधवार की देर शाम यह छापेमार कार्रवाई की।
बुधवार को आबकारी महकम ने डोंगरगढ़ क्षेत्र के कातलवाही – पुलियाटोला के बीच मौजूद एक मकान में दबिश दी। आबकारी को यहां शराब के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। बिना सर्च वारंट मौके पर दबिश दी गई। जांच के दौरान भिखारी निषाद निवासी मुसरा कला के कातलवाही स्थित बाड़ी के मकान से मध्यप्रदेश की 264 बोतल बांबे व्हिस्की (750 एमएल), 250 पाव गोवा व्हिस्की (180 एमएल) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 243 लीटर आंकी गई। इसके अलावा मौके से छत्तीसगढ़ लेबल की 500 खाली बोतलें, 220 टूटे ढक्कन और 715 साबुत ढक्कन भी जब्त किए गए।
आबकारी सहायक आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपित चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू निवासी छीपा को मौके से भागते देखा गया। अधिकारियों व आरक्षकों ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की लेकिन खेत की आड़ लेकर वह फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और आरोपित की तलाश की जा रही है।
कुछ दिनों पहले ही जेल से छूटा है आरोपित
दिसंबर 2025 में छत्तीसगढ़ की शराब के नकली होलोग्राम और स्टीकर के साथ मध्यप्रदेश की शराब को छत्तीसगढ़ में खपाए जाने की कोशिश में आरोपित चंद्रकांत उर्फ सोनू को एक अन्य आरोपित के साथ गिरफ्तार किया गया था। बताया जाता है कि कुछ ही दिनों पहले वह जमानत पर छूटकर आया है। जेल से बाहर निकले ही उसने फिर से शराब का अवैध कारोबार शुरु कर दिया और इस बार ठिकाना बदल दिया। आबकारी अधिकारी इस मामले में मकान मालिक से भी पूछताछ कर रहे हैं।