राजनांदगांव: मंगलवार की रात मेडिकल कालेज अस्पताल में मृत अवस्था में लाए गए युवक शिवम गेंड्रे की मौत को संदिग्ध बताया जा रहा है। ग्राम राजा भानपुरी निवासी मृतक के स्वजनों आरोप है कि उसे बेदम पीटा गया था। आरोपितों ने ही उसे अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले को लेकर मृतक के स्वजन चिखली पुलिस चौकी भी पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल की रात लगभग 12 बजे राजा भानपुरी निवासी शिवम गेंड्रे (19) को घायल अवस्था में विक्रम यादव, नितेश कुमार और संदीप कुमार ई रिक्शा में लेकर मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि युवक चिखली ओवरब्रिज के पास सड़क दुर्घटना में घायल होकर अचेत पड़ा था। युवकों ने उसे न जाने की बात कही। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से एक मोबाइल बरामद किया गया था, जबकि युवकों ने उसके मोपेड की चाबी भी सौंपी थी। देर रात स्वजनों के एमसीएच पहुंचने के बाद मृतक की पहचान हुई।
इस मामले को लेकर स्वजनों का आरोप है कि जिन युवकों ने शिवम को मेडिकल कालेज अस्पताल छोड़ा उन्होंने ने ही पहले उसकी बेदम पिटाई की। जब युवक बेसुध हो गया तो उन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाकर सड़क दुर्घटना का झूठ बोला गया। यह शिकायत लेकर मृतक के स्वजन चिखली पुलिस चौकी भी पहुंचे थे। जहां अधिकारियों ने उन्हें मामले की जांच का आश्वासन दिया है।