June 03, 2026


यातायात नियमों की अनदेखी पड़ी भारी एक माह में वसूले गए 3.01 लाख

175 बिना नंबर प्लेट वाहन पकड़े गए, 16 चालक शराब पीकर वाहन चलाते मिले

राजनांदगांव: खैरागढ़ में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने मई माह में व्यापक अभियान चलाया। जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 524 प्रकरणों में कुल तीन लाख एक हजार 700 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

यातायात पुलिस द्वारा 1 मई से 31 मई तक जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं व्यस्त मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन के दस्तावेज अद्यतन रखने, शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना नंबर प्लेट और तीन सवारी पर

मई माह में की गई चालानी कार्रवाई के दौरान सबसे अधिक मामले बिना नंबर प्लेट वाहनों के सामने आए। पुलिस ने ऐसे 175 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने के 92 मामले दर्ज किए गए। बिना नंबर प्लेट वाहन 175 प्रकरण, तीन सवारी 92 प्रकरण, बिना हेलमेट 30 प्रकरण, बिना सीट बेल्ट 12 प्रकरण, मालवाहक वाहन में सवारी बैठाना आठ प्रकरण, शराब पीकर वाहन चलाना 16 प्रकरण, प्रेशर हार्न का उपयोग 38 प्रकरण

अन्य उल्लंघन 153 प्रकरण

इन सभी मामलों में कुल 524 प्रकरण दर्ज कर 301700 रुपये का समन शुल्क एवं अर्थदंड वसूल किया गया।

 शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष सख्ती

यातायात पुलिस ने बताया कि शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चालकों को न्यायालय खैरागढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरणों के निराकरण के बाद उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए संबंधित परिवहन विभाग को प्रस्ताव भी भेजे जा रहे हैं। इसी प्रकार मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने वाले चालकों के खिलाफ भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई लगातार जारी है।

जागरूकता और कार्रवाई दोनों पर जोर

यातायात पुलिस की टीम केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान भी चला रही है। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, नशे में वाहन चलाने के दुष्परिणाम, वाहन दस्तावेजों की वैधता तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार के बारे में जानकारी दी जा रही है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में जागरूकता एवं प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch