June 02, 2026


पुरुषोत्तम मास में संस्कारधानी में बहेगी भक्ति की रसधारा भक्त लगाएंगे गोता

एक जून से सत्यनारायण धर्मशाला में पं. अर्पित शर्मा सुनाएंगे राधा-कृष्ण चरित्र कथा

राजनांदगांव: संस्कारधानी राजनांदगांव में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर श्री सत्यनारायण मंदिर समिति द्वारा एक से 16 जून तक श्री नारायण महामहोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। श्री नारायण धाम, श्री सत्यनारायण धर्मशाला, कामठी लाइन का यह धार्मिक आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3:30 से रात्रि 7:30 बजे तक चलेगा। इसमें भक्ति, संगीत, कथा और धार्मिक आयोजनों की अविरल धारा बहेगी जिसमें भक्त भक्ति का गोता लगाएंगे।

श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश अग्रवाल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उपाध्यक्ष राजेश शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, सचिव सौरभ खंडेलवाल एवं सहसचिव रामावतार जोशी तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास भगवान श्रीहरि की आराधना, समर्पण एवं पुण्य अर्जन का विशेष अवसर होता है। इसी उद्देश्य से समिति द्वारा यह छठवां भव्य नारायण महामहोत्सव आयोजित किया जा रहा है। महामहोत्सव का शुभारंभ एक जून को शंख ध्वनि, घंटानाद एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगा। प्रथम दिवस पर सुंदरकांड पाठ, श्री महासर माता पाठ एवं विविध धार्मिक आयोजनों के साथ भक्तिमय वातावरण निर्मित होगा।

उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया, श्याम खंडेलवाल, राजेश अग्रवाल (बालाजी) एवं विजय खंडेलवाल ने बताया कि 16 दिनों तक सजे दिव्य एवं भव्य मंच पर भगवान श्री सत्यनारायण की आकर्षक झांकियों के दर्शन होंगे। प्रतिदिन भगवान के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक छवि भक्तों को भावविभोर करेगी। महामहोत्सव में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध भजन गायक एवं कथा वाचक अपनी प्रस्तुति देंगे। इनमें अर्चना एवं नेहा वैष्णव, अभिजीत जोशी, पंडित अर्पित शर्मा, इस्कॉन भजन मंडली रायपुर, रूपेश टांक, योगेश अग्रवाल, आकाश एवं शुभम शर्मा, राधा अग्रवाल (गोंदिया), रानी सती दादी मंगल पाठ महिला मंडल, बाल व्यास हार्दिक व्यास, निखिल श्याम शर्मा, राधिका शर्मा एवं वैष्णवी रंगारी , भजन प्रस्तुति देंगे व प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।

महिला मंडलों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता

महाआयोजन को सफल बनाने में विभिन्न महिला मंडलों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। दीपा शर्मा, भावना अग्रवाल, शारदा तिवारी, अलका खंडेलवाल, मंजू खोखरिया, मधु खंडेलवाल, सुषमा राठी, साधना तिवारी, सुमित्रा बेन, अलका जानी, कीर्ति अग्रवाल, टीना खंडेलवाल ,रचना मेनन, मौसमी शर्मा एवं रंजना शर्मा बुलबुल अग्रवाल , सहित अनेक महिलाएं सेवाभाव से आयोजन में जुटी हुई हैं।

 अमावस्या पर 21 हजार दीपों से जगमगाएगा सुभाष द्वार मार्ग

मिति के सचिव सौरभ खंडेलवाल एवं उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने बताया कि 14 जून को रात्रि 7:30 बजे दिल्ली दरवाजा गायत्री मंदिर के पास आयोजित “नारायण हरि रसोत्सव” में कानपुर उत्तरप्रदेश के विख्यात भजन गायक शिवम वर्मा अपनी भक्तिमय प्रस्तुति रस अमृत पान का पान करायेगे। महामहोत्सव के 15वें दिवस अमावस्या पर 21 हजार दीपों से सुसज्जित देव दीपावली का आयोजन सुभाष द्वार मार्ग दिल्ली दरवाजा से श्री सत्यनारायण मंदिर तक किया जाएगा। वहीं अंतिम दिवस विश्व शांति एवं मंगलकामना के साथ श्री सत्यनारायण कथा, हवन, यज्ञ एवं पूर्णाहुति कार्यक्रम संपन्न होंगे। भवन व्यवस्था प्रभारी नीतीश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल एवं ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। समिति के सदस्य विष्णु लोहिया, संतोष सिंघल, नारायण अग्रवाल, नरेंद्र गोयल एवं जुगल किशोर अग्रवाल ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर भक्ति रसधारा में सहभागी बनने की अपील की है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch