राजनांदगांव: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के प्रथम कलेक्टर और छत्तीसगढ़ संवर्ग के 2014 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एस. जयवर्धन को केंद्रीय गृह मंत्रालय, नई दिल्ली में उप सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने 14 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया।
नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से चार वर्ष अथवा अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को उन्हें वर्तमान दायित्वों से तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं। आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर उन्हें नया पदभार संभालना होगा। एस. जयवर्धन ने मोहला जिले के प्रथम कलेक्टर के रूप में नवगठित जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में भूमिका निभाई थी। दूरस्थ क्षेत्रों के दौरे और ग्रामीणों से सीधे संवाद उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता रही।