May 20, 2026


सुशासन के मंच पर चला चाकू सरपंच पर हमले से हड़कंप

राजनांदगांव: डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत जनसमस्या निवारण शिविर में वातावरण उस समय अफरा-तफरी और तनाव में बदल गया, जब मंचीय कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने अचानक गांव के सरपंच पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में सरपंच मानिकलाल वर्मा घायल हो गए, जिनके हाथ में चोट आई है। घायल सरपंच को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उधर आरोपित जितेंद्र यादव को जेल भेज दिया गया।

पंचायत प्रांगण में सुशासन तिहार 2026 के तहत शासन शिविर आयोजित किया गया था, जहां प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण का दावा कर रहा था। इसी दौरान मंच से भाषण चल रहा था कि तभी नशे में धुत गांव के 36 वर्षीय जितेंद्र यादव ने अचानक सरपंच पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। सरपंच पर हमला करने का कारण निजी व व्यक्तिगत बताया जा रहा है। जिला प्रशासन की सजगता और सतर्कता से शिविर में बड़ी घटना टल गई। आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद सुशासन तिहार का कार्यक्रम यथावत चलता रहा। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और लोगों में हड़कंप मच गया। इस बीच शिविर में कुल 713 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें 700 मांग और 13 शिकायत से संबंधित है।

 सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सरकारी आयोजनों के बीच खुलेआम हुई इस घटना ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इतने बड़े सरकारी कार्यक्रम में सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं थे, जिसके कारण ऐसी घटना हो गई। बताया गया कि आरोपित युवक कुछ दिन पहले ही मजदूरी कर बाहर से गांव लौटा था। फिलहाल सरपंच पर हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमले के कारणों की पड़ताल की जा रही है। सुशासन तिहार जैसे सरकारी कार्यक्रम के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मोहारा पुलिस चौकी प्रभारी सुमेंद्र खरे ने बताया कि सरपंच पर हमला करने वाले आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया गया है।

आपातकालीन सेवा के लिए मिले 12 नए वाहन 

राजनांदगांव: विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह सोमवार को विधानसभा निवास कार्यालय रायपुर से सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम पंचायत खुटेरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्राम स्तर पर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जिले के 12 थानों के लिए 112 आपातकालीन सेवा के लिए 12 नए वाहन राज्य शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही जिले को लगभग 65 लाख रुपये लागत का अत्याधुनिक फोरेंसिक वाहन भी प्रदान किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम खुटेरी में सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख रुपये तथा मैदान समतलीकरण के लिए पांच लाख रुपये की घोषणा भी की। शिविर में विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, खूबचंद पारख, राजेंद्र गोलछा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जनपद अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य देवकुमार साहू प्रमुख रूप से शामिल हुए।

-


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch