डोंगरगढ़ :- नगर पंचायत चुनाव के मतदान के बाद ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखने की प्रक्रिया के दौरान कथित अव्यवस्था और लापरवाही को लेकर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने आपत्ति जताई है। सूचना मिलने पर विधायक स्वयं मौके पर पहुंचीं और पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
विधायक बघेल ने बताया कि मतदान में उपयोग की गई ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में रखने से पहले ही रिजर्व ईवीएम मशीनें अंदर रख दी गई थीं। उन्होंने कहा कि नियमानुसार मतदान में प्रयुक्त मशीनों को रखने से पूर्व स्ट्रांग रूम पूरी तरह खाली होना चाहिए था। इस संबंध में उनके सहित विभिन्न प्रत्याशियों द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई, लेकिन तत्काल आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सभी मतदान केंद्रों से ईवीएम मशीनें जमा होने के बाद रिजर्व मशीनों को स्ट्रांग रूम से बाहर निकाला गया, जिससे प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों के बीच संदेह की स्थिति बनी। विधायक ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, इसलिए ऐसी परिस्थितियों से बचना आवश्यक है।
विधायक ने यह भी बताया कि इसी दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटना ने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया। बिजली बंद रहने के दौरान की गतिविधियों को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं होने से कई सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से बिजली बाधित रहने की अवधि के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि सभी पक्षों का विश्वास बना रहे और किसी प्रकार की आशंका की स्थिति समाप्त हो सके।
हर्षिता बघेल ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रशासन को अधिक सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए तथा चुनाव संबंधी सभी प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।