राजनांदगांव: शहर के मोहड़ वार्ड 49 में सिकलिन और पीलिया की चपेट में आए 17 वर्षीय चंदन यादव की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में मातम पसरा है। सोमवार दोपहर स्थानीय मुक्तिधाम में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार चंदन पिता देवा यादव पिछले एक सप्ताह से बीमार था। शुरुआत में उसका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर दो दिन पहले उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों को पहले पीलिया की आशंका थी, लेकिन जांच में सिकलिन बीमारी की पुष्टि हुई। डाक्टरों के अनुसार सिकलिन के कारण उसके शरीर में खून की भारी कमी हो गई थी। संक्रमण बढ़ने से पीलिया भी गंभीर स्थिति में पहुंच गया। हालत नाजुक होने पर सोमवार सुबह उसे पेंड्री मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां सुबह करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई। मेडिकल कालेज अस्पताल के उप अधीक्षक डा पवन जेठानी ने बताया कि किशोर का हीमोग्लोबिन सात ग्राम तक पहुंच गया था, जबकि प्लेटलेट्स घटकर 40 हजार रह गए थे। बिलीरुबिन स्तर 13.4 होने से स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि समय पर इलाज मिलने पर मरीज को बचाया जा सकता था।