June 02, 2026


सरदार पटेल जयंती पर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान साइबर अपराध व नशामुक्ति की दी जानकारी

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी :- सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में ग्रामीणों, युवाओं और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, नशामुक्ति, यातायात नियमों तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल एवं एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में थाना मानपुर क्षेत्र के ग्राम जबकसा, थाना सीतागांव क्षेत्र के ग्राम मीचगांव तथा थाना कोहका क्षेत्र के ग्राम पंचायत कंदाडी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं और ग्रामीणों को शराब, गांजा तथा अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। वहीं यातायात जागरूकता कार्यक्रम में हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात नियमों के पालन तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने के संबंध में समझाइश दी गई।

महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति मोबाइल एप, डायल-112 और अन्य पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में इन सेवाओं का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, महिलाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की तथा सरदार पटेल के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch