डोंगरगढ़ : मोहारा पुलिस चौकी क्षेत्र में सेवा सहकारी समिति मोहारा में धान खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता और धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने अनाधिकृत रूप से धान खरीदने वाले आरोपित तुमड़ीबोड़ ग्राम खैरी निवासी 38 वर्षीय यशवंत वर्मा उर्फ राजू वर्मा को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान आरोपित के कब्जे से उसके मकान ग्राम खैरी से 160 कट्टा अवैध रूप से खरीदा गया धान भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई सहायक खाद्य अधिकारी डोंगरगढ़ की रिपोर्ट के आधार पर की गई, जिसमें शासकीय धान उपार्जन व्यवस्था में गंभीर गड़बड़ी का राजफाश हुआ।
फर्जी सूखत दिखाकर गबन
मामले की जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 (दिनांक 15.11.2025 से 13.05.2026 तक) सेवा सहकारी समिति मोहारा के माध्यम से कस्टम मिलिंग नीति 2025-26 का उल्लंघन करते हुए कुल 995.68 क्विंटल धान को फर्जी “सुखत” दर्शाकर गबन किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 30,86,608 है। रिकार्ड के अनुसार उपार्जन केंद्र में कुल 282079 नग बारदानों में 112831.60 क्विंटल धान आनलाइन खरीदी दर्ज की गई थी, जबकि राइस मिलर्स को 112831.60 क्विंटल धान का परिदान किया जाना था, लेकिन केवल 111835.92 क्विंटल धान ही परिदान किया गया। इस प्रकार 995.68 क्विंटल धान कम परिदान कर उसे सूखत बताकर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
जांच में यह भी पाया गया कि 13 मई को समिति से बिना वैध दस्तावेज के अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा धान की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही थी। इस आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अवैध धान खरीदना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।