May 20, 2026


पंचायत सचिव निलंबित सरपंच से होगी वसूली

राजनांदगांव: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला में सुशासन और पारदर्शिता को लेकर चलाए जा रहे अभियान के बीच मोहला जनपद पंचायत से भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जनपद पंचायत मोहला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रांजल प्रजापति द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन ने ग्राम पंचायत कंदाड़ी में फर्जी बिल भुगतान और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर मामले का राजफाश कर दिया। सचिव भूषण लाल जुरेशिया को निलंबित कर दिया गया है। वहीं सरपंच के खिलाफ 99 हजार रुपये की रिकवरी का आदेश जारी किया गया है।

जांच में सामने आया कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर संदिग्ध भुगतान किए गए, जबकि कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख जांच टीम को उपलब्ध ही नहीं कराए गए। इतना ही नहीं, विभाग द्वारा जारी कारण बताओ सूचना पत्र का जवाब भी पंचायत सचिव द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया। मामले को गंभीर मानते हुए पंचायत विभाग ने तत्काल प्रभाव से कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। प्रकरण में ग्राम पंचायत कंदाड़ी के सचिव भूषण लाल जुरेशिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत मोहला निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। जांच रिपोर्ट में सरपंच की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। उपलब्ध दस्तावेजों और वित्तीय अभिलेखों के आधार पर सरपंच के खिलाफ ₹99,600 की रिकवरी निर्धारित की गई है। सीईओ के इस सख्त रुख से साफ संकेत मिल रहे हैं कि सुशासन तिहार के दौरान प्रशासन भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े राजफाश होने की संभावना है। मोहला जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रांजल प्रजापति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंचायतों में वित्तीय अनुशासन से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch