June 02, 2026


नायब तहसीलदार से मारपीट के विरोध में पटवारी संघ ने सौंपा ज्ञापन दोषियों पर कार्रवाई की मांग

डोंगरगढ़ :- सरगुजा जिले के मैनपाट में पदस्थ नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट और अभद्रता की घटना के विरोध में राजस्व पटवारी संघ ने कड़ा विरोध जताया है। संघ ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है।

राजस्व पटवारी संघ जिला राजनांदगांव के अध्यक्ष भीषम ठाकुर द्वारा जारी पत्र में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री तथा जिला प्रशासन का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित किया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि 27 मई को उप तहसील राजापुर, तहसील मैनपाट में शासकीय कार्य के दौरान नायब तहसीलदार तुषार माणिक के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने की घटना हुई।

संघ ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों अथवा उनके समर्थकों द्वारा किसी शासकीय अधिकारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल प्रशासनिक गरिमा के विपरीत है, बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती है। संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है।

पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है। संघ ने प्रशासन से अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

संघ पदाधिकारियों का कहना है कि शासकीय कार्यों के दौरान अधिकारियों के साथ होने वाली इस प्रकार की घटनाएं प्रशासनिक तंत्र का मनोबल कमजोर करती हैं, इसलिए मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch