राजनांदगांव : पदयात्रियों की सेवा में बागेश्वर धाम स्थित संस्कार सेवा नवरात्र महोत्सव संयुक्त पदयात्री सेवा पंडाल समर्पित है। यहां स्वयंसेवक तिलक लगाकर और ‘जय माता दी’ के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत कर रहे हैं। स्वागत प्रमुख प्रतिभा खंडेलवाल, आरती गुप्ता और प्रीति गुप्ता ने बताया कि 15 अक्टूबर को मां बमलेश्वरी दरबार का पुष्पों से श्रृंगार किया जाएगा। दोपहर 3:30 बजे शाकंभरी माता महिला मंडल के सहयोग से शाकंभरी माता मंगल पाठ होगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष भावेश अग्रवाल और महिला अध्यक्ष मधु खंडेलवाल के नेतृत्व में संचालित सेवा कार्यों की पदयात्री सराहना कर रहे हैं। पंकज गुप्ता, सौरभ खंडेलवाल, निकुंज अग्रवाल, मयंक कृष्णा शर्मा, सूरज गुप्ता और संदेश जैन ने बताया कि पदयात्रियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। बिलासपुर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने आत्मीय स्वागत की सराहना की, जबकि तिल्दा-नेवरा से आए पदयात्रियों ने पंडाल में उपलब्ध सुविधाओं को उपयोगी बताया।
पंडाल में महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय एवं स्नानागार बनाए गए हैं। मोबाइल चार्जिंग, चिकित्सा, फलाहार, भोजन और विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध है। नीचे के हाल और ऊपरी परिसर में ठहरने की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में पदयात्री इन सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए सनातन संस्कृति से जुड़ी ज्ञानवर्धक पुस्तकें और गायत्री मंत्र लेखन की सुविधा भी रखी गई है।
मंगल पाठ और भजन-कीर्तन से भक्तिमय माहौल
पंडाल में प्रतिदिन मंगल पाठ, जसगीत, भजन और संकीर्तन हो रहे हैं। तीसरे दिन जय माता महिला मंडल ने मां जीण भवानी का मंगल पाठ किया, जिसमें सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। पूर्व महापौर हेमा सुदेश देशमुख, भजन गायिका प्रीति जोशी, खंडेलवाल महिला मंडल की अध्यक्ष अलका खंडेलवाल, अधिनेश राय, एन. कुमारी महोबिया और स्वदेशी जागरण मंच के प्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर सेवा कार्यों में सहभागिता की। अतिथियों का अंगवस्त्र और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।