राजनांदगांव: जिले में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली संकट भी गहराने लगा है। मंगलवार को शहर और आसपास के कई इलाकों में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ठेलकाडीह स्थित 220 केवी फीडर में अचानक ट्रिपिंग की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई। तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह से शुरू हुई समस्या के चलते कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली गुल रही। घरों में पंखे और कूलर बंद होने से लोग उमस और गर्मी से बेहाल नजर आए, वहीं दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। बिजली कटौती के कारण पानी सप्लाई पर भी असर पड़ा, जिससे लोगों की दिक्कतें और बढ़ गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिजली कंपनी की टीम तत्काल मरम्मत कार्य में जुट गई। स्थानीय तकनीकी अमले के साथ भिलाई से विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम भी राजनांदगांव पहुंची। इंजीनियरों ने फीडर की जांच कर ट्रिपिंग की वजह तलाशने और आपूर्ति बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए। बिजली कंपनी के अधिकारियों के अनुसार तेज गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसी वजह से तकनीकी खराबियां सामने आ रही हैं। इधर, बार-बार हो रही बिजली कटौती को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि हर साल गर्मी में ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन समय रहते व्यवस्थाओं को मजबूत नहीं किया जाता। नागरिकों ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है।