October 23, 2026


जनसंवाद : यात्री सीधे बता सकेंगे अपनी समस्याएं ट्रेन पानी सफाई और सुरक्षा पर रेलयात्री दे सकेंगे सुझाव

राजनांदगांव: रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को होने वाली परेशानियों और सुविधाओं में सुधार के लिए 22 अक्टूबर को विशेष रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में विशेष अभियान 6.0 के तहत होने वाले इस पैन इंडिया कार्यक्रम में मंडल राजनांदगांव, डोंगरगढ़ सहित प्रमुख और छोटे रेलवे स्टेशनों पर अधिकारी यात्रियों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान यात्री अपनी समस्याएं बताने के साथ ही रेलवे की सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दे सकेंगे। प्राप्त शिकायतों और सुझावों को दर्ज कर संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

स्टेशन की सुविधाओं से लेकर ट्रेन संचालन तक पर होगी चर्चा

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर मंडल के रेल अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न स्टेशनों पर मौजूद रहेंगे। वे रेल यात्रियों, दैनिक यात्रियों, युवाओं और आम नागरिकों से बातचीत कर रेलवे सेवाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेंगे। स्टेशन परिसर की व्यवस्था, ट्रेनों का संचालन, स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा, खानपान और अन्य यात्री सुविधाओं को लेकर प्रतिक्रिया ली जाएगी। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनकी जरूरतों के अनुरूप रेलवे की सुविधाओं में सुधार करना है। यात्रियों से मिलने वाली शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। इसके बाद समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस सूचना के बाद रेल सुविधा और सेवा में विस्तार को लेकर मुखर रहने वाले लोग सक्रिय हो गए हैं। वे इस अवसर को बेहतर तरीके से भुनाने की तैयारी कर रहे हैं। विशेषकर राजनांदगांव व डोंगरगढ़ में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव को लेकर प्रमुखता से आवाज उठाई जाएगी।

 जनसंवाद के बाद स्टेशनों पर चलेगा सफाई अभियान

रेल जनसंवाद कार्यक्रम के समापन के बाद संबंधित रेलवे स्टेशनों और उनके परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें रेल अधिकारी-कर्मचारी, स्काउट्स एवं गाइड्स, स्वयंसेवी संस्थाएं, यात्री और आम नागरिक भाग लेंगे। अभियान के माध्यम से स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने और यात्रियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। रेलवे की इस पहल में यात्रियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनसंवाद के जरिए जहां यात्रियों को अपनी बात सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा, वहीं स्वच्छता अभियान के माध्यम से स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने का संदेश भी दिया जाएगा। शिकायतों और सुझावों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई कर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch