मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी :- जिला पुलिस द्वारा ग्रामीणों को सुरक्षित और जागरूक बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वॉय.पी. सिंह (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीतांबर पटेल व एसडीओपी ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में चिल्हाटी पुलिस ने ग्राम रेंगाकाठेरा में एक विशेष जनजागरूकता चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय मेरावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सबसे पहले स्थानीय बाजार प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद पंचायत भवन में आयोजित चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
आज के डिजिटल युग में बढ़ते अपराधों को देखते हुए पुलिस ने ग्रामीणों को वर्तमान में चल रहे साइबर फ्रॉड के तरीकों से अवगत कराया। थाना प्रभारी ने विशेष रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर सतर्कता बरतने की सलाह दी। पुलिस या केंद्रीय एजेंसियों के नाम पर डराकर पैसे वसूलने वालों से सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करें और न ही सोशल मीडिया पर संदिग्ध लिंक्स पर क्लिक करें। मोबाइल पर आने वाली किसी भी अज्ञात फाइल या ऐप को डाउनलोड न करें, इससे बैंक खाता खाली हो सकता है।
चौपाल के दौरान नशा मुक्ति अभियान के तहत युवाओं और ग्रामीणों को नशे से होने वाले सामाजिक और शारीरिक नुकसान के बारे में विस्तार से समझाया गया। पुलिस ने युवाओं से अपील की कि वे नशे की लत से दूर रहकर एक स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके अनुकरणीय व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। युवाओं को उनके सिद्धांतों पर चलने और देश सेवा के लिए प्रेरित होने का संदेश दिया गया।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को देश में लागू हुए नवीन कानूनों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी, ताकि वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रह सकें। इस दौरान सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने पर भी जोर दिया गया।
ग्रामीणों ने पुलिस विभाग के इस जनहितकारी प्रयास की खुले दिल से सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण अंचलों में अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।