राजनांदगांव: सर्वज्ञ राव बास्केटबाल अकादमी, डीपीएस खेलो इंडिया अकादमी एवं युगांतर खेलो इंडिया अकादमी के सात प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन भारतीय स्कूल बास्केटबॉल टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। यह शिविर 10 जून तक रांची में स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर के बाद चयनित खिलाड़ी 13 से 22 जून 2026 तक सर्बिया के ज्लातिबोर में आयोजित होने वाली विश्व स्कूल बास्केटबाल प्रतियोगिता में भारतीय स्कूल टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। एसजीएफआई द्वारा बाड़मेर में आयोजित सीनियर स्कूल नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता तथा राजनांदगांव में आयोजित जूनियर स्कूल नेशनल बास्केटबाल प्रतियोगिता के आधार पर लगभग 75 बालक एवं 75 बालिकाओं को चयन ट्रायल के लिए रांची आमंत्रित किया गया था। ट्रायल के उपरांत राजनांदगांव के सात खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया। बालिका वर्ग में चयनित खिलाड़ी जनी, रूमी कोनवर, काम्या झा, आर्या विजय अवारे एवं रेवा कुलकर्णी, बालक वर्ग में शुभम सिंह एवं हिमांशु सिंह को चयन हुआ है।
अलग-अलग स्पर्धाओं में दिखा चुके हैं दम
इन सभी खिलाड़ियों ने सीबीएसई की विजेता टीमों के सदस्य के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई का प्रतिनिधित्व किया था। रूमी कोनवर, रेवा कुलकर्णी एवं आर्या विजय अवारे डीपीएस खेलो इंडिया अकादमी राजनांदगांव से संबंधित हैं, जबकि काम्या झा, अंजनी एवं हिमांशु सिंह दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनांदगांव के छात्र-खिलाड़ी हैं। शुभम सिंह युगांतर खेलो इंडिया बास्केटबाल अकादमी राजनांदगांव से जुड़े हुए हैं। सभी खिलाड़ी रेवाडीह स्थित सर्वज्ञ राव बास्केटबाल अकादमी के मैदान में नियमित अभ्यास करते हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एवं कालवा राधा राव द्वारा प्रशिक्षण दिया जाता है। यह उपलब्धि दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनांदगांव, युगांतर पब्लिक स्कूल राजनांदगांव, सर्वज्ञ राव बास्केटबाल अकादमी, राजनांदगांव तथा पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। छत्तीसगढ़ की एक अन्य खिलाड़ी दिव्या रंगारी का भी इस राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन हुआ है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनांदगांव की अंडर-17 बालक एवं बालिका टीमों ने सीबीएसई नेशनल बास्केटबाल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था, जबकि युगांतर पब्लिक स्कूल राजनांदगांव की बालक टीम ने सीनियर सीबीएसई नेशनल बास्केटबाल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था।