June 03, 2026


महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने सिलाई मशीन प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं में उत्साह

खैरागढ़ :- ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत विचारपुर में राशि वेलफेयर सोसाइटी द्वारा सिलाई मशीन प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग लेकर सिलाई-कढ़ाई और वस्त्र निर्माण की बारीकियां सीख रही हैं।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सिलाई मशीन संचालन, कपड़ों की कटिंग, डिजाइनिंग तथा विभिन्न प्रकार के परिधानों के निर्माण संबंधी तकनीकी जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें और परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे सकें।

राशि वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और युवाओं के कौशल विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। आने वाले समय में भी विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।

प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें नया हुनर सीखने का अवसर मिला है, जो भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के लिए उपयोगी साबित होगा। महिलाओं ने ऐसे कार्यक्रमों को ग्रामीण क्षेत्र के विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch