राजनांदगांव: जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिले के युवाओं ने कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से सफलता की नई उड़ान भरी है। वनांचल के 10 युवाओं को हैदराबाद के प्रतिष्ठित होटलों में रोजगार मिला है। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को हैदराबाद के प्रतिष्ठित होटलों में रोजगार मिलने से उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्लेसमेंट लेटर एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनका परिचय जाना और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं के चेहरे पर नौकरी मिलने की खुशी साफ झलक रही थी।
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर अंजोरा में हास्पिटैलिटी सेक्टर के अंतर्गत “मल्टीफंक्शनल आफिस एसोसिएट” ट्रेड में 45 दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण में कुल 30 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से जिले के 10 युवाओं को हैदराबाद स्थित प्रतिष्ठित होटलों में रोजगार प्राप्त हुआ है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहारिक कौशल, कम्युनिकेशन स्किल और आत्मविश्वास भी सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम बन रहा है और इससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी बड़े शहरों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को हास्पिटैलिटी सेक्टर से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही कम्युनिकेशन स्किल, सॉफ्ट स्किल, ग्रूमिंग, तकनीकी एवं गैर-तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से उनके व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर अंजोरा के सेंटर हेड सुभाष डोंगरे ने बताया कि ग्रामीण युवाओं को आवासीय प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को राज्य एवं राज्य के बाहर विभिन्न संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि हैदराबाद स्थित मिनर्वा ग्रैंड कॉम्पल्ली होटल में राधिका, गीता, संगीता, अंजली एवं कपिल को रोजगार मिला है। वहीं यस वी एम ग्रैंड हैदराबाद में चमेली, भूषण, डोमेश्वर, टामन एवं पुष्पेंद्र का चयन हुआ है। चयनित सभी युवाओं को प्रतिमाह 12 हजार रुपये वेतन के साथ आवास एवं भोजन की निश्शुल्क सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
नौकरी के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखेंगे
इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त छात्र कपिल एवं छात्रा चमेली ने बताया कि प्रशिक्षण से पहले वे लोगों के सामने बोलने में झिझक महसूस करते थे, लेकिन कंयुनिकेशन स्किल एवं व्यक्तित्व विकास की कक्षाओं ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि अब वे नौकरी के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखेंगे। उल्लेखनीय है कि 18 मार्च को जनपद पंचायत मोहला में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार शिविर में 20 युवाओं ने “मल्टीफंक्शनल आफिस एसोसिएट” ट्रेड में नामांकन कराया था। इनमें से 10 युवाओं ने अंजोरा में प्रशिक्षण पूर्ण कर रोजगार प्राप्त किया है। प्लेसमेंट एवं आफर लेटर वितरण कार्यक्रम में सेंटर हेड सुभाष डोंगरे, ट्रेनर मुरारीलाल साहू सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्लेसमेंट प्रक्रिया में सुनैना अवस्थी का विशेष योगदान रहा।