छुईखदान: स्वास्थ्य सेवाओं में नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। साल्हेवारा स्थित बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर के सोनोग्राफी केंद्र को बुधवार को सीलबंद कर दिया गया। जांच में अधिकृत रेडियो लाजिस्ट की अनुपलब्धता, निर्धारित प्रपत्रों को नियमानुसार नहीं भरने और रिपोर्टिंग फार्मेट में किसी अन्य रेडियो लाजिस्ट के डिजिटल हस्ताक्षर पहले से अंकित होने जैसी अनियमितताएं सामने आई थीं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के आदेश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। केंद्र के खिलाफ पूर्व में मिली शिकायत के आधार पर पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत जिला नोडल अधिकारी डा. मनीष बघेल और उनकी टीम ने निरीक्षण कर जांच की थी। इस दौरान सोनोग्राफी केंद्र के संचालन में निर्धारित नियमों और प्रावधानों का पालन नहीं होना पाया गया था। इसके बाद केंद्र संचालक को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए थे।
जांच में मिलीं गंभीर अनियमितताएं
जांच में पाया गया कि केंद्र में कोई अधिकृत रेडियो लाजिस्ट उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत निर्धारित प्रपत्रों को नियमानुसार नहीं भरा जा रहा था। सोनोग्राफी रिपोर्टिंग से संबंधित दस्तावेजों में ऐसे फार्मेट भी मिले, जिनमें किसी अन्य रेडियो लाजिस्ट के डिजिटल हस्ताक्षर पहले से अंकित थे। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
सलाहकार समिति के निर्णय के बाद कार्रवाई
केंद्र संचालक की ओर से नोटिस के जवाब में प्रस्तुत पक्ष को जिला सलाहकार समिति की बैठक में रखा गया। बैठक में जांच प्रतिवेदन, सामने आई अनियमितताओं और संचालक के जवाब पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद समिति ने सर्वसम्मति से सोनोग्राफी केंद्र को सीलबंद करने का निर्णय लिया। समिति के निर्णय के आधार पर कलेक्टर सह समुचित प्राधिकारी, पीसीपीएनडीटी, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने उच्चस्तरीय संयुक्त जांच एवं कार्रवाई दल गठित कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। बुधवार को संयुक्त टीम ने साल्हेवारा पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत केंद्र को सीलबंद कर दिया। कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा, पीसीपीएनडीटी के अधिकृत समुचित प्राधिकारी डा.मनीष बघेल, डा.बोधन सिंह, डा.पंकज वैष्णव, डा.विवेक बिसेन और संबंधित लिपिक अर्पित गुप्ता उपस्थित रहे।