June 08, 2026


खाद बीज के मामले को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया : शिवसेना

राजनांदगांव :- जून माह शुरू होते ही किसान खेती-किसानी के कार्यों में जुट जाते हैं। बारिश की शुरुआत के साथ ही बोआई का कार्य प्रारंभ हो जाता है, जिसके लिए खाद एवं बीज की आवश्यकता बढ़ जाती है। लेकिन कई स्थानों पर सहकारी समितियों (सोसायटियों) में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वहीं कुछ निजी दुकानदारों द्वारा खाद की कालाबाजारी किए जाने की शिकायतें भी सामने आती हैं, जिससे किसानों को अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

शिवसेना के ग्रामीण जिलाध्यक्ष मुकेश साहू ने बताया कि इस विषय को लेकर शिवसेना प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के आह्वान पर किसान सेना प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव एवं शिवसेना प्रदेश सचिव कमल सोनी के नेतृत्व में प्रदेशभर के सभी जिलों में जिलाधीशों को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन के माध्यम से शासकीय सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा निजी दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई थी। साथ ही दुकानों में संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर सहित शिकायत सूचना बोर्ड लगाने की मांग भी की गई थी।

इस संबंध में विभिन्न जिलों के कलेक्टरों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। शिवसेना द्वारा प्रदेशव्यापी आंदोलन एवं ज्ञापन अभियान के बाद मुख्यमंत्री ने खाद-बीज की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के सभी जिलाधीशों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

ग्रामीण जिलाध्यक्ष मुकेश साहू ने जिले के सभी शिवसैनिकों से अपील की है कि वे निजी खाद-बीज दुकानों पर नजर रखें तथा यदि कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर सामग्री बेचता है तो उसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch