June 08, 2026


सुरगी : असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस चौकी सुरगी की प्रभावी कार्यवाही

कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

सुरगी :-   पुलिस अधीक्षक महोदया  अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक  वैशाली जैन (भा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में जिले में अपराधों की रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सतत अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में ग्राम जंगलेसर के ग्रामीणों द्वारा पुलिस चौकी सुरगी में एक लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई, जिसमें बताया गया कि रामकुमार साहू नामक व्यक्ति पिछले लगभग एक माह से लगातार अनावश्यक फोन कॉल कर ग्रामीणों को परेशान कर रहा है। शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा मामले की जांच की गई।

जांच के दौरान रामकुमार साहू से पूछताछ की गई। पूछताछ के समय उसके द्वारा ग्रामीणों से पुलिस में शिकायत किए जाने की बात को लेकर वाद-विवाद एवं विवादास्पद व्यवहार किया गया, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने तथा संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका उत्पन्न हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए रामकुमार साहू, पिता स्व. मीलूराम साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम ओदरागहन, थाना जामगांव (आर), जिला दुर्ग (छ.ग.) को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत इस्तगाशा तैयार कर माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

माननीय न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने पर आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव में दाखिल कराया गया।

पुलिस चौकी सुरगी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त एवं वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch