May 19, 2026


अधिक मास में श्याममय होगा शहर 25 से 29 मई तक सजेगा भक्ति का विराट दरबार

पहली बार निकलेगी सूरजगढ़ धाम दरबार की निशान यात्रा श्याम भक्ति अमृत महोत्सव देशभर के प्रसिद्ध भजन गायक देंगे प्रस्तुति हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

राजनांदगांव :- इस वर्ष अधिक मास का पावन पर्व भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा के अद्भुत संगम का साक्षी बनने जा रहा है। अधिकस्य अधिकं फलम् की दिव्य भावना के साथ शहर में पहली बार पांच दिवसीय विराट श्याम भक्ति अमृत महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 25 मई से 29 मई 2026 तक आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक धार्मिक महोत्सव में निशान यात्रा, श्री श्याम चरित्र कथा, संगीतमय अभिषेक, अखंड संकीर्तन, भव्य भजन संध्या एवं नौ कुण्डीय श्री श्याम महायज्ञ जैसे दिव्य कार्यक्रम श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

आयोजन स्थल श्री खाटू धाम गायत्री विद्या पीठ परिसर को आकर्षक और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। पूरे परिसर को विशेष विद्युत सज्जा, पुष्प सजावट एवं आध्यात्मिक वातावरण से अलंकृत किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को खाटू धाम जैसा दिव्य अनुभव प्राप्त हो सके। महोत्सव का शुभारंभ सोमवार 25 मई 2026 को शाम 5 बजे गायत्री मंदिर प्रांगण से भव्य सूरजगढ़ निशान यात्रा के साथ होगा। यह विशाल यात्रा दासी श्याम कुटीर, रामाधीन मार्ग तक निकलेगी। यात्रा में ढोल-नगाड़ों, श्याम जयकारों, भजनों और सैकड़ों निशानों के साथ हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। पूरे शहर में श्याम भक्ति की अलौकिक छटा देखने को मिलेगी। इस विशेष अवसर पर सूरजगढ़ दरबार से प्रसिद्ध श्याम भक्त श्री हजारी लाल जी इंदौरिया अपनी टीम के साथ शामिल होंगे। वहीं राजस्थान स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर के निज पुजारी सेवक परिवार से श्री मानवेन्द्र सिंह जी चौहान “काना भैया” महाराज का आगमन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। 26 मई की सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक लड्डू गोपाल जी एवं युगल सरकार जी का भव्य संगीतमय अभिषेक पूजन आयोजित किया जाएगा। सात विद्वान ब्राह्मणों एवं आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह दिव्य अनुष्ठान संपन्न होगा। विशेष पुष्प सज्जा, दिव्य आरती एवं भक्ति संगीत के बीच होने वाला यह अभिषेक श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेगा। आयोजकों द्वारा भक्तों के लिए विशेष दर्शन एवं पूजा व्यवस्था भी की जा रही है। 26 मई से 28 मई तक प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे तक कथावाचक अर्पित भाई शर्मा द्वारा श्री श्याम चरित्र कथा का वाचन किया जाएगा। कथा के पश्चात रात्रि 8 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा जिसमें देशभर के सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। भजन संध्या में वृंदावन से ब्रज रसिक पारस लाड़ला, खाटू श्याम धाम से योगेश शर्मा, नई दिल्ली से मयूर रस्तोगी, नागपुर से पंकज उपाध्याय, गणेश शर्मा एवं आकाश यादव बाबा श्याम के चरणों में भक्ति रस की अविरल धारा बहाएंगे। विशेष रूप से 27 मई की एकादशी रात्रि को आयोजित होने वाली भजन संध्या भक्तों के लिए अत्यंत आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजकों के अनुसार इस दिन हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। महोत्सव का समापन 29 मई को प्रातःकालीन अभिषेक पूजन एवं शाम 4:30 बजे से आयोजित भव्य नौ कुण्डीय श्री श्याम महायज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके पश्चात कथा विराम एवं रात्रि 8 बजे से विशाल श्याम रसोई महाप्रसादी (भंडारा) का आयोजन किया जाएगा जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। परम श्रद्धेय श्री नंदकिशोर शर्मा बंदू नैया जी के आशीर्वाद से आयोजित इस दिव्य महोत्सव में देशभर से श्याम भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन राजनांदगांव के धार्मिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने वाला सिद्ध होगा। इस विराट आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री खाटू श्याम लखदातार सेवा परिवार के सदस्य पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन व्यवस्था में गायत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री बृजकिशोर सुरजन जी के मार्गदर्शन में लगभग 18 हजार वर्गफुट के सर्वसुविधायुक्त विशाल शेड में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा जिसमे गायत्री विद्या पीठ के सदस्यों के द्वारा भी आयोजन को लेकर उत्साह है तथा सभी कार्यक्रम की तैयारियों में अपना पूरा सहयोग प्रदान कर रहे हैं । आयोजन समिति में प्रमुख रूप से अमित खण्डेलवाल, अमित शर्मा ट्रेवलर्स, राजू डागा, संजय तेजवानी, चंद्रिका प्रसाद सिन्हा, अखिलेश (रावत) खण्डेलवाल, सुषमा सिंह, टीना खण्डेलवाल, ममता अवस्थी, निधि बाचपेयी, अर्चना दास, लता बंसोड़, रागिनी शर्मा, कीर्ति अग्रवाल एवं पिंकी खण्डेलवाल सहित अनेक श्याम प्रेमी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आयोजकों ने समस्त श्याम भक्तों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ एवं पुण्य अर्जित करने की अपील की है। अधिक मास में आयोजित यह भव्य श्याम महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, आस्था, सेवा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुपम संगम बनने जा रहा है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch