राजनांदगांव : कथित लव जिहाद को लेकर एक दिन पहले पीड़ित परिवार के साथ हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस को इस प्रकरण में यू-टर्न लेना पड़ा। चौतरफा दबाव के बीच युवती को पुलिस ने सखी सेंटर पहुंचा। स्वजनोंं की उपस्थिति में अब उसकी काउंसिलिंग कराई जाएगी। नए सिरे से बयान के बाद ही प्रशासन अगली कार्रवाई करेगा।
बताया गया कि शहर की एक युवती को एक समुदाय विशेष का युवक अपने साथ घर पर पिछले तीन सप्ताह से रखा हुआ था। इस बीच दोनों ने कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन भी कर दिया। उधर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद से स्वजन पुलिस पर युवती को ढूंढने लगातार दबाव बनाए हुए थे। सोमवार को पता चला कि युवती को शहर में ही गोपनीय ढंग से रखा गया है। पुलिस ने दोनों को थाने बुलाया। बयान के बाद बालिग होने के कारण उन्हें जाने दे दिया गया। इससे नाराज स्वजनों के साथ हिंदू संगठनों ने रात में महावीर चौक पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्वजनों का आरोप है कि पुलिस ने परिवार वालों को सूचना दिए बगैर चुपके से बयान दर्ज कर लिया और उनसे मिलाए बगैर जाने भी दे दिया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि युवती की काउंसिलिंग कराई जाएगी। इसी के तहत मंगलवार को दोपहर बाद युवती को सखी सेंटर पहुंचाया गया। उधर घटनाक्रम को लेकर मंगलवार को कायस्थ समाज की बैठक बुलाई गई है।