राजनांदगांव: क्वांर नवरात्र पर पूरी संस्कारधानी जगमगा उठी है। हर मार्ग रोशनी से नहा रहा है। फ्लाईओवर, पार्रीनाला से पेंड्री तक सर्विस लेन और धार्मिक स्थलों से लगे सभी क्षेत्रों को चौक-चौबंद किया गया है। इतना ही नहीं सभी प्रमुख मार्गों की विशेष सफाई से शहर में चहुं ओर स्वच्छता भी देखी जा रही है। विशेष टीम को लगाकर इन मार्गों के दोनों हिस्सों से खरपतावार, कचरे आदि भी साफ कराए गए हैं। यह सब 15 अक्टूबर को विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह के जन्मदिवस को देखते हुए भी किया गया है। चुंकि उस दिन दिग्विजय स्टेडियम में होने जा रहे राज राजनांदगांव कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत पूरा मंत्रिमंडल भी संस्कारधानी में होगा। उधर कई माह से अंधेरे में खोए स्टेडियम भी रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठा है। रंगाई-पोताई से पूरा परिसर दूध की तरह दमक रहा है।
पावन शारदीय नवरात्र के आगमन के साथ ही पूरा शहर भक्ति, शक्ति और उत्सव के अनूठे रंग में सराबोर है। एक ओर देवी पंडालों में आदि शक्ति के जयकारे गूंज रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निगम के विशेष अभियान ने शहर की सूरत ही बदल दी है। त्योहार के मद्देनजर शहर की सभी प्रमुख और आंतरिक सड़क बत्तियां (स्ट्रीट लाइट्स) दूधिया और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठी हैं। इसके साथ ही निगम की स्वच्छता सेना ने दिन-रात एक कर पूरे शहर को आईने की तरह चमका दिया है। त्योहार के दौरान देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए नगर निगम के विद्युत विभाग ने युद्धस्तर पर काम किया है। शहर के सभी प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और विशेषकर देवी मंदिरों व गरबा पंडालों की ओर जाने वाले रास्तों की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट्स को पूरी तरह ठीक कर दिया गया है। कई स्थानों पर विशेष एलईडी और रंगीन झालरें भी लगाई गई हैं। जगमगाती सड़कों की वजह से न सिर्फ शहर का सौंदर्य निखर उठा है, बल्कि देर रात दर्शन के लिए निकलने वाली महिला श्रद्धालुओं और परिवारों के लिए सुरक्षा का माहौल भी मजबूत हुआ है। इतना ही नहीं कई दिनों से बंद पड़ी सड़क बत्तियां इन दिनों जगमग राेशनी दे रहीं हैं। विशेषकर शहर के मध्य क्षेत्र की लगभग सभी लाइटें जल रही है। जहां की लाइटें खराब थीं, उसकी जगह नई लगाई गई है। जिन खंबों में लाइटें थी ही नहीं, वहां भी लाइट लगाकर क्षेत्र के जगमग कर दिया गया है।
दीपोत्सव पर गलियां में भी होगी ऐसी ही रोशनी
तीन सप्ताह बाद दीपोत्सव है। उसके पहले पूरे शहर को जगमगाने की तैयारी है। इसके लिए भी नगर निगम ने विशेष कार्ययोजना बना रखी है। नवरात्र पर्व के बाद विशेष सफाई अभियान के साथ बंद लाइटों को दूरूस्त करने के लिए फिर से अभियान चलाया जाएगा। श्रमिक बस्तियों व आउटर के वार्डों के लिए विशेष दस्ता भी बना लिया गया है। यानी दीपावली के पहले गलियां भी रोशनी से जगमगा उठेगी। महापौर परिषद में लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दीपावली के पहले पूरे शहर की विशेष रूप से सफाई कराएगी। साथ ही सड़क बत्तियों को भी दुरूस्त किया जाएगा।
आगे और बेहतर करेंगे
हमारी प्राथमिकता पूरे समय शहर को स्वच्छ व जगमग बनाए रखा है। त्योहार के साथ अवसर विशेष को ध्यान में रखकर पूरे शहर को न केवल स्वच्छ व जगमग बनाया गया है, बल्कि उसकी सुंदरता पर भी विशेष जोर दिया गया। आने वाले दिनों में हम इससे और बेहतर काम करेंगे।
जीआर मरकाम, आयुक्त, नगर निगम