राजनांदगांव: अंतरराष्ट्रीय हाकी स्टेडियम में बहुप्रतीक्षित नए ब्लू एस्ट्रोटर्फ लगाने में कागजी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। लोक निर्माण विभाग ने जो निविदा जारी की है, उसे अगले सप्ताह खोला जाएगा। अनुमोदन के साथ ही धरातल पर काम शीघ्र ही काम भी शुरू होने की संभावना है। साथ ही बजरंगपुर नवागांव के मिनी स्टेडियम में प्रस्तावित सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की निविदा प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
उक्त दोनों कामों के लिए इसके पहले तकनीकी स्वीकृति नहीं मिलने और राशि की उपलब्धता नहीं होने के कारण कागजी प्रक्रिया अटकी रही। इसी स्टेडियम में फ्लड लाइट के लिए भी निविदा जारी की जानी है, लेकिन यह काम ट्रैक बिछने के बाद ही शुरू कराने की बात कही जा रही है। उधर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा लगभग सवा वर्ष पहले बालक हाकी अकादमी की जो घोषणा की थी, आज तक वह नहीं खुल सकी है। खेलो इंडिया योजना के तहत मल्टीपर्पस स्पोर्ट्स कांप्लैक्स और दिग्विजय स्टेडियम में विविध खेलों के लिए सुविधा में विस्तार का प्लान भी कागजों में ही है।
शासन की तरफ से सवा दो वर्ष में एस्ट्रोटर्फ, फ्लड लाइट, सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, स्पोर्ट्स कांप्लैक्स, हाकी अकादमी, टेनिस
कोर्ट, क्रिकेट अकादमी के साथ हाल ही में रेलवे पटरी के पास नया हाकी स्टेडियम की भी घोषणा हुई है। अंतरराष्ट्रीय हाकी स्टेडियम में नवंबर 2025 में टर्फ बदलने की घोषणा पर निविदा के रूप में अवश्य जमीनी स्तर पर काम की शुरुआत हुई, लेकिन शेष घोषणाओं को धरातल पर उतारने अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। एथलेटिक ट्रैक के लिए 9.34 करोड़ रुपये, एस्टोटर्फ के लिए 6.04 करोड़, टेनिस कोर्ट के लिए 50 लाख, खेल परिसर बनाने 19 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। इसी तरह हाकी व क्रिकेट अकादमी केवल घोषणा तक ही सीमित है।
निविदा शीघ्र खोली जाएगी
अंतरराष्ट्रीय हाकी स्टेडियम में नया टर्फ लगाने के लिए निविदा जारी की गई थी। इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शीघ्र ही इसे खोल दी जाएगी। एथलेटिक ट्रैक के लिए भी निविदा की आवश्यक प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। आगे की प्रक्रिया पूरी करने के बाद काम शुरू करा दिया जाएगा।
एसके चौरसिया, ईई, लोक निर्माण विभाग