राजनांदगांव: खैरागढ़ क्षेत्र के ग्राम अजानकपुर के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में चोरी के मामले में मोहगांव पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 2.50 लाख रुपये की चोरी की सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को स्कूल के विभिन्न कमरों से शैक्षणिक उपकरण, इलेक्ट्रानिक सामग्री, बर्तन और अन्य उपयोगी सामान चोरी होने की जानकारी मिली थी। शिकायत पर थाना मोहगांव में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने 20 अक्टूबर को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के धनोरा थाना क्षेत्र के ग्राम थावरी निवासी रोनक कुमार उर्फ शिव (19), गंडई थाना क्षेत्र के लोचन पटेल उर्फ बाउज (23) और अरुण गोसाई (22) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की सामग्री बरामद की है। बरामद सामान में इलेक्ट्रानिक उपकरण, शैक्षणिक सामग्री, बर्तन और अन्य उपयोगी वस्तुएं शामिल हैं। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। मामले में अन्य सामग्री और वाहन से संबंधित विवरण का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस प्रकरण में आगे की विवेचना कर रही है।