October 16, 2026


जुबिन के कान्सर्ट के लिए ट्रैफिक प्लान जारी शाम छह बजे तक पहुंचने की अपील

राजनांदगांव में उमड़ेगी भीड़ पास पर दर्ज गेट से ही मिलेगा प्रवेश पांच मुख्य द्वारों पर रहेगी व्यवस्था

राजनांदगांव : पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह के जन्मदिन पर 15 अक्टूबर को दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित होने वाले ‘ राजनांदगांव     ’ कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने यातायात एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्रिमंडल के सदस्यों के आगमन के साथ बालीवुड गायक जुबिन नौटियाल के लाइव कान्सर्ट को देखते हुए शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। पुलिस प्रशासन ने दर्शकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और समय से पहले आयोजन स्थल पहुंचने की अपील की है।

पुलिस प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, शाम छह से आठ बजे के बीच प्रवेश द्वारों पर अधिक भीड़ होने की आशंका है। इसे देखते हुए दर्शकों से शाम 4:30 से छह बजे के बीच स्टेडियम पहुंचने का प्रयास करने कहा गया है। प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच और तलाशी की प्रक्रिया होगी। ऐसे में दर्शक अतिरिक्त समय लेकर निकलें और सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करें। कार्यक्रम के लिए आठ तरह के पास जारी किए गए हैं जिनके लिए एंट्री गेट के अनुसार अलग-अलग पार्किंग निर्धारित की गई है।

पांच मुख्य द्वारों से मिलेगा प्रवेश

पुलिस प्रशासन के अनुसार, स्टेडियम में प्रवेश के लिए पांच मुख्य द्वार निर्धारित किए गए हैं। दर्शकों को अपने पास पर अंकित प्रवेश द्वार के अनुसार ही स्टेडियम में प्रवेश करना होगा। मुख्य द्वारों की स्थिति इस प्रकार है।

मुख्य द्वार ए एलआइसी के सामने, मुख्य द्वार बी एसबीआइ के सामने, मुख्य द्वार सी एचडीएफसी के बगल वाली गली, मुख्य द्वार डी स्टेडियम के बगल में हनुमान मंदिर के पास और मुख्य द्वार ई गौशाला पिंजरील की ओर जाने के लिए हाईवे वाली सड़क पर निर्धारित किया गया है। पुलिस ने बताया कि विभिन्न पास पर गेट नंबर एक से छह और गैलरी गेट दो से आठ बजे तक का उल्लेख है। दर्शक अपने पास पर दर्ज गेट की जानकारी पहले से देख लें। संबंधित मुख्य द्वार से निर्धारित गेट तक पहुंचने के लिए आयोजन के साथ साझा किए गए प्रवेश मानचित्र का अवलोकन करें, ताकि गलत द्वार पर पहुंचने से बचा जा सके।

पास के अनुसार पार्किंग, पैदल आने की अपील

पुलिस प्रशासन ने दर्शकों के लिए पास की श्रेणी के अनुसार पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। दर्शकों से निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करने और सड़क पर या अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने कहा गया है। पार्किंग और स्टेडियम परिसर का मानचित्र भी साझा किया जा रहा है। स्टेडियम के आसपास रहने वाले और पैदल आने में सक्षम नागरिकों से निजी वाहनों के बजाय पैदल पहुंचने की अपील की गई है। पुलिस के अनुसार, इससे यातायात का दबाव कम करने और पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने में मदद मिलेगी।

प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर न पहुंचें

पुलिस प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। इसलिए नागरिक पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें और प्रवेश तथा निकास मार्गों पर अनुशासन बनाए रखें। दर्शकों को वैध पास और आवश्यक पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी गई है। आयोजन स्थल पर हथियार, धारदार वस्तुएं और अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर नहीं पहुंचने कहा गया है। पुलिस ने धक्का-मुक्की, अफवाह फैलाने और अव्यवस्था पैदा करने से बचने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch