राजनांदगांव: ओवरटेक करने की बात को लेकर युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले दो आरोपितों को बोरतलाव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने पीछा कर बाइक रुकवाई और फिर युवक के पेट में धारदार हथियार से हमला कर दिया था। दोनों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद आरोपितों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार टिकरापारा डोंगरगढ़ निवासी रामलाल चंद्रवंशी ने थाना बोरतलाव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भतीजा ओमप्रकाश चंद्रवंशी अपने साथियों के साथ 31 मई को महाराष्ट्र के ग्राम दर्रेकसा में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग रात करीब नौ बजे तीन मोटरसाइकिलों से अपने गांव कोटनापानी लौट रहे थे।
इसी दौरान ग्राम बोरतलाव फारेस्ट बैरियर के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने ओवरटेक करने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपितों ने उनकी बाइक रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे नहीं रुके तो दोनों पीछा करते रहे। बताया गया कि थाना बोरतलाव के आगे आरोपितों ने बाइक रुकवाई और रात करीब 9:50 बजे ओमप्रकाश चंद्रवंशी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
मामले में थाना बोरतलाव ने आरोपितों की तलाश शुरू की। विवेचना और मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम बागरेकसा में दबिश देकर छिन्दीजोब निवासी निरज कुमार परते (21) और करन कुमार चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (सीजी 08 एजी 1209), एक धारदार चाकू और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।