राजनांदगांव : गैंदाटोला में पूर्व से संचालित शासकीय शराब दुकान को यथावत रखने के समर्थन में ग्रामीणों व व्यापारी संघ द्वारा बाजार बंद रखा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण बस स्टैंड में एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।
पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश दिखा। उनका पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया। जमकर नारेबाजी भी की। ग्रामीणों का आरोप है कि छन्नी राजनीतिक स्वार्थवश ग्राम गैंदाटोला का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही हैं अन्य गांव के लोगों को भड़काकर शासकीय शराब दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराने की साजिश रच रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब छन्नी साहू विधायक थीं, तब क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री एवं कोचियागिरी की शिकायतें कई बार की गई थीं, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब जब शासकीय व्यवस्था के माध्यम से गांव को सामाजिक लाभ मिल रहा है, तब इसे बंद कराने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में जिस भवन में शासकीय शराब दुकान संचालित हो रही है, उससे प्राप्त किराया राशि गांव के सामाजिक एवं जनहित कार्यों में उपयोग की जाती है। यदि दुकान को निजी स्थान पर स्थानांतरित किया गया तो गांव को मिलने वाला लाभ पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। धरना प्रदर्शन में शामिल लोगों ने प्रशासन से मांग की कि ग्राम गैंदाटोला की वास्तविक जनता की भावना को ध्यान में रखते हुए शासकीय शराब दुकान को वर्तमान स्थान पर ही संचालित रखा जाए तथा राजनीतिक दबाव पर रोक लगाई जाए।
सुरक्षित स्थान पर हो संचालन
अभी जिस स्थान पर शराब दुकान है, वहां के पास वाले नाले में महिलाएं निस्तारी करतीं हैं। छात्राएं स्कूल से आती-जातीं हैं। शराबियों द्वारा छेड़खानी की लगातार शिकायतें आ रही है। इसे देखते हुए ग्रामीण शराब दुकान को अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर ले जाने के पक्ष में ंहैं। शराब दुकान बंद कराने की बात ही नहींं हो रही है। विधायक रहते गैंदाटोला में कई विकास कार्यों की सौगात मैंने दी है।
छन्नी साहू, पूर्व विधायक