June 07, 2026


24 घंटे का संगीतमय गायत्री महामंत्र अखंड पाठ संपन्न


किरंदुल :  नगर की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना के साथ श्री राघव मंदिर परिसर में पहली बार आयोजित 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखंड पाठ रविवार सुबह 10 बजे विधिवत संपन्न हो गया। शनिवार सुबह 10 बजे से आरम्भ हुआ था यह कार्यक्रम।इस धार्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

श्री राम जनकल्याण सेवा समिति श्री राघव मंदिर परिवार और गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर गायत्री महामंत्र के पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक गतिविधियों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अखंड पाठ में भाग लिया।

आयोजन के दौरान गायत्री परिवार किरंदुल, बचेली और दंतेवाड़ा सहित नगर की विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समितियों ने क्रमवार गायत्री महामंत्र का पाठ, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रस्तुतियां दीं। इससे पूरे आयोजन में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

अखंड पाठ की पूर्णाहुति के बाद गायत्री परिवार द्वारा वैदिक हवन और महाआरती का आयोजन किया गया।समापन पर श्री राघव मंदिर के प्रधान पुजारी सत्येंद्र प्रसाद शुक्ला की धर्मपत्नी स्वर्गीय अंतिमा शुक्ला की स्मृति में एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।जिसमें उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए भोग-प्रसाद का वितरण किया गया।

नगरवासियों ने इस आयोजन को सामाजिक एकता, आध्यात्मिक जागरण और सामूहिक आस्था का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch