June 07, 2026


कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर 10 जून को सौंपेंगे ज्ञापन

राजनांदगांव :- छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की जिला शाखा राजनांदगांव आगामी 10 जून को कर्मचारियों एवं पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगी। यह कार्यक्रम प्रांतीय आह्वान एवं प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा।

जिला शाखा अध्यक्ष अरूण देवांगन ने बताया कि संघ द्वारा राज्य के लगभग 4.5 लाख कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को 1 जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर सहित प्रदान करने की मांग की जा रही है। इसके अलावा कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए नियम एवं निर्देश जारी करने, अवकाश नगदीकरण की सीमा 240 दिन से बढ़ाकर 300 दिन करने तथा संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी अनियमित कर्मचारियों को नियमित कर सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।

संघ ने शिक्षक वर्ग (एलबी) की सेवा गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से करते हुए समस्त सेवा लाभ प्रदान करने तथा अनुकंपा नियुक्ति में लागू 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करने की मांग भी की है।

संघ के अनुसार इन मांगों को लेकर 10 जून को दोपहर लंच अवकाश के दौरान कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। कर्मचारियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch