राजनांदगांव: जिला साहू संघ के जिला अध्यक्ष नोबल साहू ने अपने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू व छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय निकाय मंत्री अरुण साहू के समक्ष जिला साहू सदन में आडिटोरियम निर्माण की मांग रखी थी। उक्त मांग पर अनुशंसा होने के बाद आडिटोरियम निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिला साहू संघ के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर मधुसूदन यादव से सौजन्य भेंट-मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान जिला साहू सदन में आडिटोरियम के अतिशीघ्र निर्माण को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आडिटोरियम के निर्माण से सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं विभिन्न सामुदायिक आयोजनों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त मंच उपलब्ध होगा, जिसका लाभ समाज के साथ-साथ शहरवासियों को भी मिलेगा। महापौर मधुसूदन से निर्माण कार्य को शीघ्र गति प्रदान करने तथा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के संबंध में सकारात्मक चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डा. नीरेंद्र साहू, जिला साहू संघ के अध्यक्ष नोबल साहू, संरक्षक भागवत साहू, भागवत साहू, सलाहकार मोती साहू, नीरा साहू, राजेश साहू, नगर अध्यक्ष अनिता साहू एवं महेश साहू सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
जिला साहू संघ की इस पहल से जिला साहू सदन में प्रस्तावित आडिटोरियम निर्माण को लेकर समाज में उत्साह है और शीघ्र ही इसके मूर्त रूप लेने की उम्मीद जताई जा रही है। उक्ताशय की जानकारी जिला साहू संघ के जिला प्रचार मंत्री अंकालू साहू ने दी।