राजनांदगांव : सोमनी में प्रस्तावित फूड प्रोसेसिंग यूनिट से क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों और रोजगार की नई संभावनाएं विकसित होने की उम्मीद है। राजगामी संपदा न्यास की लगभग 32 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस परियोजना का न्यास अध्यक्ष पूर्णिमा साहू ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान पूर्णिमा साहू ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों और संबंधित लोगों से चर्चा कर निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने परियोजना के महत्व को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर गंभीरता से ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को बढ़ाना है। सोमनी में फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।
इस परियोजना से कृषि उपज के प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित होने की संभावना है। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है। निरीक्षण के दौरान न्यास के कर्मचारी गणेशराम साहू, राजेंद्र पटेल, त्रिगुण सदानी और चंद्रेश जैन उपस्थित रहे।