राजनांदगांव :- छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के शिल्पकार एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती एवं छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक 19 स्थित वर्धमान नगर के अटल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत रविवार सुबह अटल परिसर में स्वच्छता अभियान के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने हाथों में झाड़ू लेकर पूरे परिसर की साफ-सफाई की और आसपास फैले कचरे को एकत्रित कर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। इसके पश्चात अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर झुग्गी-झोपड़ी जिला संयोजक शिव वर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का छत्तीसगढ़ की जनता के साथ विशेष जुड़ाव रहा है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और निर्णय के परिणामस्वरूप 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। राज्य निर्माण का उनका यह ऐतिहासिक योगदान छत्तीसगढ़ की जनता के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। अटल जी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि, साहित्यकार और राष्ट्र के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने विचारों, कार्यों और नेतृत्व से देश के करोड़ों लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। श्री वर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। स्वच्छता अभियान के माध्यम से समाज में स्वच्छता, सेवा और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया। उन्होंने नागरिकों से भी अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने और महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से झुग्गी-झोपड़ी जिला संयोजक शिव वर्मा, छत्तीसगढ़ शासन केश शिल्पी बोर्ड के सदस्य देवशरण सेन, राजेश बिश्नोई, अभय पारख, राजेश यादव, कमल ध्रुव, हकीम खान एवं रघुवीर वाधवा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।