November 01, 2026


किसानों के खातों में पहुंची सम्मान निधि की 24वीं किस्त

मोहला, मानपुर और अंबागढ़ चौकी में किसानों ने देखा प्रधानमंत्री का सीधा प्रसारण

मोहला : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के साथ जिले के किसानों में उत्साह रहा। इस अवसर पर जिलेभर में पीएम किसान उत्सव मनाया गया। किसानों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सीधे प्रसारण से जुड़कर किस्त जारी होने का कार्यक्रम देखा और सुना। जिला मुख्यालय से लेकर दूरस्थ गांवों तक आयोजन कर किसानों को योजना और अन्य कृषि हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई।

जिला स्तरीय कार्यक्रम उप संचालक कृषि कार्यालय सहित मोहला, मानपुर और अंबागढ़ चौकी के जनपद पंचायत कार्यालयों में आयोजित किए गए। दूरस्थ अंचलों के किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मोहला विकासखंड के भोजटोला, पिडिंगपार, सोमाटोला, मोतीपुर, माड़िंगपिडिंग, भूरसा और धनगढ़ तथा मानपुर विकासखंड के भरीटोला और खरदी सहित अन्य गांवों में भी कार्यक्रम हुए।

जिले की सभी सहकारी समितियों में कृषि एवं सहकारिता विभाग के समन्वय से पीएम किसान उत्सव आयोजित किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ने और योजना की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। आयोजन के दौरान किसानों को शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में कृषि स्थायी समिति की सभापति इंद्रा बाई कोमरे, जनपद सदस्य सीता बाई कांगरे, अनिता जायसवाल, कनक नागवंशी, रतन तारम, चैतराम कोमरे और नावश ठाकुर उपस्थित रहे। उप संचालक कृषि आरके पिस्दे, सहायक संचालक कृषि एसके सिक्या सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch