November 01, 2026


दिवाली छठ पर घर जाना होगा आसान राजनांदगांव डोंगरगढ़ से मिलेगी सीधी ट्रेन

गोंदिया-पटना के बीच तीन-तीन फेरे लगाएगी विशेष ट्रेन नौ स्टेशनों पर ठहराव, 10 स्लीपर और तीन एसी कोच की सुविधा

राजनांदगांव : दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को रेलवे ने राहत दी है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ और कंफर्म बर्थ की मारामारी को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने गोंदिया-पटना के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन तीन-तीन फेरे लगाएगी। इससे राजनांदगांव और डोंगरगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बिहार जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। खासकर छठ पर्व पर पटना और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ होगा।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल छह से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। यह गोंदिया से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर दोपहर 1:26 बजे डोंगरगढ़ और 1:50 बजे राजनांदगांव पहुंचेगी। यहां दो-दो मिनट के ठहराव के बाद आगे रवाना होगी। ट्रेन दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ होते हुए अगले दिन शाम 4:30 बजे पटना पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 08896 पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल सात से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह पटना से शाम 6:10 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 11:41 बजे राजनांदगांव और तीसरे दिन रात 12:15 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद सुबह तीन बजे गोंदिया पहुंचेगी।

 नौ स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

पूजा स्पेशल ट्रेन का ठहराव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नौ स्टेशनों पर दिया गया है। इनमें गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ शामिल हैं। इससे इन स्टेशनों के यात्रियों को पटना और मार्ग के अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा।

 स्लीपर और एसी के 20 कोच

इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 10 स्लीपर, चार सामान्य, तीन एसी तृतीय श्रेणी, एक एसी द्वितीय श्रेणी और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन दिवस, समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट, एनटीईएस या रेलवन एप से प्राप्त कर लें।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch