November 01, 2026


राज्योत्सव में कल दिखेगी छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति निलेश जोगी देंगे प्रस्तुति

प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव होंगे मुख्य अतिथि, विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह की रहेगी विशेष उपस्थिति सुबह 11 बजे से विकास प्रदर्शनी और शाम पांच बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दो नवंबर को राजनांदगांव में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। गौरव पथ स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर आडिटोरियम में होने वाले इस आयोजन में प्रदेश की लोकसंस्कृति, कला और विकास की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन की अध्यक्षता सांसद संतोष पांडेय करेंगे।

राज्योत्सव के तहत सुबह 11 बजे से विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें शासन की प्रमुख योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। शाम पांच बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। शाम छह बजे मुख्य अतिथि का आगमन, विकास प्रदर्शनी का अवलोकन और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरण किया जाएगा। शाम 6:30 बजे दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य समारोह शुरू होगा। इसके बाद अतिथियों का स्वागत और उद्बोधन होगा।

राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण लोककला एवं संगीत कलाकार निलेश जोगी की प्रस्तुति होगी। वे शाम 7:30 बजे से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके माध्यम से दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोककला और संगीत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में विधायक डोंगरगांव दलेश्वर साहू, विधायक खुज्जी भोलाराम साहू, विधायक डोंगरगढ़ हर्षिता स्वामी बघेल, महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, उपाध्यक्ष किरण साहू, जनपद पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर और समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch