राजनांदगांव: जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए अब पूरी तस्वीर साफ हो गई है। अध्यक्ष के लिए चतुष्कोणीय तो सचिव के लिए त्रिकोणीय मुकाबला है। अध्यक्ष पद के लिए नारायण कन्नौजे, यमन कुमार देवांगन, आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव और अरूण कुमार अनोखे के बीच मुकाबला है। निर्वाचन अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता गुणेश्वर साव द्वारा शुक्रवार शाम को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी गई। कुल 14 पदों के लिए 23 उम्मीदवार मैदान में हैं।
त्रिवार्षिक चुनाव के लिए 29 जुलाई को मतदान होना है। 30 जुलाई को मतगणना कराई जाएगी। उसी दिन शाम तक परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। सचिव पद के लिए संतोष रजक, दोहन सिंह टंडन और रवि कुमार बोधानी मैदान में हैं। उपाध्यक्ष (पुरूष) के लिए राधेश्याम बंजारे, अमिताप श्रीवास्तव, मोरध्वज साहू, अशोक देवांगन व विनोद कुमार ठाकुर मैदान में हैं। इसी तरह उपाध्यक्ष (महिला) के लिए वीणा साहू और जया श्रीवास्तव के बीच सीधी टक्कर की स्थिति है। इसके अतिरिक्त सहसचिव के लिए महेंद्र सिंह ठाकुर व पंकज गुप्ता के बीच सीधा मुकाबला है। महिला आरक्षित कोषाध्यक्ष पद के लिए सुषमा चौहान व स्मिता गुप्ता के मध्य टक्कर है।
चार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके
कुल 14 में से चार पदों के लिए चार पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। एक-एक नामांकन होने के कारण इन पदों पर अब चुनाव कराने की नौबत नहीं है। इनमें ग्रंथालय सचिव के लिए गज्जु सेन, सांस्कृतिक एवं कीड़ा सचिव नरेंद्र सेन, अंजु बारले व प्यारी सिन्हा शामिल हैं। नाम वापसी के अंतिम दिन ग्रंथालय सचिव के लिए गंगादास वैष्णव ने नाम वापस ले लिया। इसके पहले अध्यक्ष पद के लिए अशोक देवांगन ने अपनी उम्मीदवारी छोड़ दी थी।