राजनांदगांव: हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी से लौट रही एक शिक्षिका की टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा पुलिस रक्षित केंद्र के पास शाम करीब छह बजे हुआ। हादसे के बाद चालक टैंकर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बीएनसी मिल क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय आभा सिंह तुमड़ीबोड़ में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। वह रोज की तरह मोपेड से ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही थीं। रक्षित केंद्र के पास उनकी मोपेड एक टैंकर के समानांतर चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे वाहन के लगातार हॉर्न बजाने से उनका संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ते ही शिक्षिका मोपेड सहित टैंकर के पिछले पहिए की चपेट में आ गईं। भारी वाहन के पहिए से कुचल जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपित चालक को हिरासत में ले लिया है।