राजनांदगांव: शहर की सफाई व्यवस्था को परिणाम आधारित बनाने के लिए नगर निगम ने कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। अब पूरे शहर में एक जैसी सफाई व्यवस्था लागू करने के बजाय प्रत्येक वार्ड की जरूरत और समस्याओं के अनुसार अलग-अलग कार्ययोजना तैयार की जाएगी। नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने नोडल अधिकारियों, सफाई दरोगा और वार्ड प्रभारियों की बैठक में स्पष्ट किया कि प्रत्येक वार्ड की प्राथमिकताएं अलग हैं, इसलिए उसी के अनुरूप योजना बनाकर काम करना होगा।
आयुक्त ने कहा कि किसी वार्ड में नालियों की समस्या अधिक है तो कहीं सार्वजनिक स्थलों की सफाई चुनौती है। कुछ क्षेत्रों में बारिश के दौरान जलभराव होता है तो कहीं कचरा संग्रहण व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है। अब नोडल अधिकारी अपने-अपने वार्ड का नियमित भ्रमण कर वास्तविक जरूरतों का आकलन करेंगे और उसी आधार पर प्राथमिकता तय कर कार्य कराएंगे। इसके बाद नियमित समीक्षा कर यह भी देखा जाएगा कि तय लक्ष्य के अनुरूप सुधार हुआ या नहीं।
परिणाम के लिए 15 अगस्त तक का लक्ष्य तय
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल सफाई कराना नहीं, बल्कि ऐसा परिणाम देना है जिसे आम नागरिक महसूस कर सकें। इसके लिए 15 अगस्त तक शहर की सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार का लक्ष्य रखा गया है। धार्मिक स्थल, तालाब, मुख्य सड़कें, चौक-चौराहे और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान जारी रहेगा। आयुक्त ने कहा कि बेहतर योजना, जवाबदेही और निरंतर मानिटरिंग के माध्यम से राजनांदगांव को स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष-10 शहरों में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा।
अब नोडल अधिकारी होंगे वार्ड के 'परफार्मेंस मैनेजर'
निगम ने प्रत्येक वार्ड के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी बढ़ा दी है। अब वे केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि वार्ड की सफाई, कचरा प्रबंधन, पेयजल, निर्माण कार्य और अन्य नागरिक सुविधाओं की प्रगति के लिए सीधे जवाबदेह होंगे। उन्हें नियमित निरीक्षण कर निगम मुख्यालय को प्रगति रिपोर्ट भी देनी होगी।
धार्मिक स्थल, तालाब और मुख्य सड़कें रहेंगी प्राथमिकता पर
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के धार्मिक स्थलों, तालाबों, उद्यानों, मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों की विशेष सफाई अभियान चलाकर नियमित निगरानी की जाएगी। हाल में शीतला मंदिर परिसर और तालाब क्षेत्र में चलाए गए अभियान की तर्ज पर अन्य क्षेत्रों में भी विशेष अभियान संचालित किए जाएंगे, ताकि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का स्तर लगातार बेहतर हो सके।