राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ को महाराष्ट्र से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 930 पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मोहला-मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर ब्लाक में खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमानसुर के पास तेज रफ्तार आर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना सुबह लगभग नौ बजे की है। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए।
घायलों में वाहन चालक भरदाकला निवासी दुर्योधन साहू, राजनांदगांव के लखोली निवासी गोकुल साहू (35), रुपा बाई (35), चंदा बाई (40), प्राची (7), नव्या (8), गनियारी निवासी सोहन साहू (27) और सविता साहू (25), सोनिया साहू (55) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार बालोद जिले के ग्राम भरदाकला से एक ही परिवार के सदस्य कांकेर जिले के शिलपट गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सोमवार की सुबह सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कमानसुर के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पलटने के बाद दोबारा सीधी खड़ी हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज राजनांदगांव रेफर किया गया है। गौरतलब है कि रविवार को भी इसी हाईवे पर खड़गांव थाना क्षेत्र में एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया था। उस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि करीब दर्जनभर लोग घायल हुए थे। इनमें छह की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने नवनिर्मित हाईवे में बदइंतजामी, संकेतकों की कमी और सुरक्षा उपायों के अभाव का आरोप लगाया है। हाईवे 930 पर दो दिनों के भीतर हुए इन दो बड़े हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।